औरैया । औरैया जिले में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मौहारी गांव में शुक्रवार को एक ऐसा दुखद घटनाक्रम हुआ, जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर से बहन की डोली उठने की तैयारी थी, उसी घर से भाई की अर्थी उठने की खबर ने परिवार को झकझोर दिया। बहन की शादी के दिन बड़े भाई की हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
भाई की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई। मौहारी निवासी राजू नागर बीएसएफ में तैनात हैं। उनका बड़ा बेटा विक्रम नागर एक निजी स्कूल में शिक्षक था। चार दिन पहले अचानक दिल का दौरा पड़ने से उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। परिजनों ने उसे आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसका उपचार चल रहा था।
भारी गम के बीच शादी की रस्में पूरी
इधर, शुक्रवार को राजू नागर की बेटी की शादी गांव के ही एक गेस्ट हाउस में आयोजित थी। घर में रिश्तेदारों और बरातियों का जमावड़ा लगा था। सभी बहन की शादी की खुशियों में शामिल थे। इसी बीच विक्रम की मौत की खबर पहुंचते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भारी गम के बीच परिजनों ने रात करीब नौ बजे शादी की रस्में पूरी कर बेटी को विदा किया। भाई की मौत और बहन की विदाई के इस दुखद घटनाक्रम से पूरे गांव में शोक छा गया।


