कानपुर । कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र स्थित विराटनगर के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रविवार सुबह मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक कलयुगी पिता ने अपनी ही दो सगी जुड़वां बेटियों (11) की गला काटकर नृशंस हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे की है। यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के एक फ्लैट में दो नाबालिग बच्चियों की हत्या कर दी गई है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो घर के अंदर दोनों मासूमों के शव लहूलुहान हालत में पाए गए।
धारदार हथियार से वार के गहरे निशान
दोनों के गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून से सने साक्ष्य और हत्या में इस्तेमाल हथियार के अवशेष संकलित किए हैं। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ में कर रही है कि आखिर किस सनक या मजबूरी में वारदात को अंजाम दिया गया है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस उपायुक्त दक्षिण, दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई पूर्ण कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।


