नई दिल्ली। बेगमपुर इलाके में गली में बेहोश पड़े भाई को अस्पताल ले जाने की बात कहने पर पड़ोसी ने 30 साल के अवनेश के पेट में चाकू घोंप दिया। घटना के बाद लोगों के वहां पहुंचने पर आरोपी जितेंद्र वहां से भाग गया। पीसीआर कर्मियों ने घायल को अस्पताल में लेकर गए। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के मुताबिक मूलत: शाहजहांपुर यूपी का रहने वाला अवनेश निजी कंपनी में काम करता है। बेगमपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी में उसने बताया कि 23 जून की रात उसका एक परिचित सुग्रीव गली में बेहोश पड़ा था। उसके पास ही उसका भाई जितेंद्र मौजूद था। वहां पहुंचने के बाद अवनेश ने जितेंद्र को अपने भाई को अस्पताल लेकर जाने के लिए कहा।
आरोप है कि आरोपी उसे गाली देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू निकालकर उसके पेट में घोंप दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। पीड़ित ने उसे चाकू मारने का कारण पूछा तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी। अवनेश के साले ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। शनिवार को वह थाने पहुंचकर अपना बयान दर्ज करवाया। रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर भागे हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


