पूर्वी दिल्ली । लक्ष्मी नगर इलाके में रविवार रात दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों को एक डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। मृतक की शिनाख्त शिव कुमार (48) के रूप में हुई है। वहीं चंदन गुप्ता का उपचार जारी है।
हादसे के बाद चालक मौके पर डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक व डंपर को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि शिवकुमार अपने परिवार के साथ गढ़वाली मोहल्ला, लक्ष्मी नगर में रहते थे। शिवकुमार की गणेश नगर इलाके में बिजली के उपकरण की दुकान थी। दुकान के पास इनके एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी थी। रात के समय गणेश नगर में ही रहने वाला शिवकुमार का दोस्त चंदन गुप्ता इनको घर छोड़ने अपनी बाइक से निकला।
दोनों ने हेल्मेट पहना था। बाइक चला रहे चंदन ने बाइक को देहरादून एक्सप्रेसवे पर ले ली। इस बीच एक डंपर ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शिवकुमार डंपर के नीचे आ गए जबकि चंदन टक्कर लगने से बुरी तरह जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि चंदन गुप्ता का इलाज जारी है।
दोपहिया वाहन पर बैठते हुए भी डरते थे शिवकुमार
शिवकुमार के बड़े भाई अमित कुमार ने बताया कि वर्ष 2023 में शिवकुमार एक सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। एक कार्यक्रम में पिता को दिल का दौरा पड़ा तो परिवार पिता को अस्पताल ले जा रहे थे। शिवकुमार स्कूटी से एंबुलेंस के पीछे चल रहे थे। इस बीच एक कार सवार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इसमें शिवकुमार की एक टांग गई जगह से टूट गई थी। उसके बाद वह दोपहिया चलाने से डरने लगे। रविवार को मना करने के बाद भी दोस्त को उनको घर छोड़ने आ रहा था।


