बाहरी जिला पुलिस ने तिपहिया वाहन से दूध सप्लाई करने वाले वाहनों का पीछा कर दूध का क्रेट चुराने वाले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के दो बदमाशों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित और आयुष्मान पांडे के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों का वीडियो चोरी करते हुए वीडियो वायरल हुआ था।
जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि 26 मार्च को सोशल मीडिया पर दूध और दही चोरी से जुड़ा एक वीडियो यू-ट्यूब पर वायरल हो रहा था। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद बाहरी जिला नारकोटिक्स सेल को चोरों को पकड़ने के निर्देश दिए गए। एसीपी ऑपरेशन वीरेंद्र सिंह के देखरेख में एक टीम गठित की गई और मामले की छानबीन शुरू की गई। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल के आस पास के करीब तीन सौ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की। साथ ही वायरल वीडियो में दिख रहे दोनों आरोपियों की पहचान के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी और लूटपाट में शामिल दोनों बदमाश मोहित और आयुष्मान पांडे उर्फ पंडित हैं, जो शिव विहार स्थित चर्च के पास अपने साथी से मिलने आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने चर्च के पास घेराबंदी कर दिया। पुलिस ने तिपहिया वाहन से वहां पहुंचे दो युवकों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से पुलिस ने तिपहिया वाहन और उसमें से दूध की 14 खाली क्रेट बरामद कर ली। जांच में पता चला कि आरोपियों ने तिपहिया वाहन को प्रेम नगर से चुराई थी। पूछताछ में उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उनलोगों ने उत्तम नगर इलाके से दूध और दही चुराया था।
जांच करने पर पता चला कि इस बाबत उत्तम नगर में 27 मार्च को चोरी का मामला दर्ज हैं। आरोपियों ने बताया कि उनलोगों ने डाबरी और बिंदापुर में दूध सप्लाई करने वाले केंद्रों पर उसे बेच दिया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि मोहित पर 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फरवरी 2026 में जेल से रिहा हुआ था। उसके बाद वह साथी के साथ मिलकर दोबारा अपराध करने लगा। पुलिस ने इनके निशानदेही पर एक स्कूटी और एक बाइक भी बरामद कर ली। जिसे बदमाशों ने तिलक नगर और रणहौला से चुराई थी। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने पांच मामले सुलझाने का दावा किया है।


