नई दिल्ली । कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मंगलवार को भी कई क्षेत्रों में यातायात प्रभावित रह सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, स्थिति देखकर डायनेमिक रूट डायवर्जन और यातायात प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं।
ट्रैफिक प्रभावित होने वाले प्रमुख स्थानों में पंचकुइयां रोड, मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड- दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक, कॉपरनिक्स रोड, बहादुर शाह जफर मार्ग, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद, पंचशील मार्ग क्रॉसिंग और भीकाजी कामा प्लेस शामिल हैं।
इसके अलावा अशोक रोड-जंतर मंतर रोड, रेल भवन, जय सिंह रोड-संसद मार्ग क्रॉसिंग, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल और कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल से जुड़े कई मार्गों पर भी यातायात प्रभावित होने की संभावना है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है।
इंडिया गठबंधन के मार्च से थमी दिल्ली की रफ्तार, कई इलाकों में दिनभर जाम
नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन के मार्च से सोमवार को राजधानी की रफ्तार थम गई। नई दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात प्रभावित रहा। संसद मार्ग, बाराखंबा रोड, मंडी हाउस, सुप्रीम कोर्ट के आसपास, पंडित पंत मार्ग और कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्कल में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। इससे आम लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस के अनुसार, कानून-व्यवस्था की स्थिति और मौके के हालात के आधार पर प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जा सकते थे। वाहन चालकों को यात्रा की योजना पहले बनाने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई।


