नई दिल्ली। दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मौसम विभाग की ओर से यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। आज सुबह से ही आसमान में बादल हैं और कई इलाकों में रूक-रूक कर बारिश हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में मानसून मेहरबान है।
बीते मंगलवार को दिल्ली में तेज बारिश हुई और आज बुधवार को भी सुबह से रुक-रुक कर कई इलाकों में बारिश हो रही है। नोएडा और फरीदाबाद में भी बारिश हो रही है। वहीं ग्रेटर नोएडा में झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
दिल्ली और फरीदाबाद का मौसम
तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। फरीदाबाद में ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के बाहर जलभराव से यात्री परेशान दिखे।
दिल्ली-एनसीआर में लगा जाम
बीते मंगलवार को दिल्ली में दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला था। मानसून की जोरदार दस्तक से तापमान में गिरावट आई और मौसम खुशनुमा हो गया। हालांकि, इस राहत के साथ कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम भी देखा गया।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना रहने की संभावना है। 8 से 13 जुलाई तक आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 8 और 9 जुलाई को दिल्ली के कई हिस्सों में सुबह या दोपहर से पहले हल्की बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। आंधी और बिजली चमकने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
11 जुलाई तक बारिश के हैं संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक, 10 और 11 जुलाई को भी बादल छाए रहने के साथ दोपहर के आसपास हल्की बारिश, आंधी और बिजली कड़कने की संभावना है। 12 और 13 जुलाई को मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा और आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।


