नई दिल्ली। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने पिंक सहेली नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) के 10 लाख से अधिक कार्ड जारी कर दिए हैं। यह उपलब्धि योजना शुरू होने के 90 दिनों से भी कम समय में हासिल की गई है।
दिल्ली सरकार ने महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त और सुगम यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इसी साल 2 मार्च को पिंक सहेली एनसीएमसी कार्ड की शुरुआत की थी। यह कार्ड राष्ट्रीय कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) पर आधारित है, जिसके माध्यम से महिलाओं को डिजिटल और बिना किसी झंझट के यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 90 दिनों से भी कम समय में 10 लाख से अधिक कार्ड जारी होना दिल्ली सरकार और डीटीसी के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस योजना को सफल बनाने के लिए परिवहन विभाग और डीटीसी की टीमों ने साथ कार्य किया। उन्होंने बताया कि कार्ड केवल मुफ्त बस यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे रिचार्ज कर दिल्ली मेट्रो, क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और अन्य एनसीएमसी आधारित सेवाओं में भी उपयोग किया जा सकता है।
प्रतिदिन 11000 कार्ड हो रहे जारी
मंत्री ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली के 73 केंद्रों के माध्यम से कार्ड जारी किए जा रहे हैं और प्रतिदिन लगभग 11 हजार कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। सरकार ने मांग बढ़ने की स्थिति में वितरण क्षमता और पहुंच दोनों को और विस्तारित करने की तैयारी कर रखी है।


