नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश के करीब 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अगले चार-पांच दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत छह राज्यों में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ रहे हैं। उधर, मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में 53 सुंदरियों के बीच मुकाबला हुआ।
उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए तीन दिन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा रहेगी। वहीं, भारतीय महिला हॉकी टीम विश्व कप के सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है। दिल्ली में रोड रेज की एफआईआर को लेकर पत्रकार अभिषेक उपाध्याय ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। वहीं, ट्रंप के दामाद जरेड कुशनर ने डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफरीज से मुलाकात की है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले अधिकृत देशों के जहाजों से सेवा शुल्क लेने की बात कही है। गिनी की राजधानी कोनाक्री में कूड़े का पहाड़ गिरने से 30 लोगों की मौत की खबर है।
उत्तर भारत में भले ही मानसून कुछ कमजोर पड़ गया है, लेकिन जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड मूसलाधार बारिश कहर बरपा रही है। जगह-जगह भूस्खलन से सैकड़ों मार्ग बंद हैं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी कुछ ऐसा ही हाल है, ज्यादातर नदियां उफान पर हैं और बाढ़ का पानी तबाही मचा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, देश के लगभग 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अगले चार-पांच दिन छिटपुट से लेकर भारी बारिश होने की संभावना प्रबल बनी हुई है।


