नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि संशोधित नागरिकता अधिनियिम (सीएए) देश का कानून है और इसे हर हाल में लागू किया जाएगा। एक कार्यक्रम के दौरान पूछे गए सवाल पर शाह ने कहा, मैं फिर कहता हूं कि सीएए पत्थर पर खींची लकीर है।
इसे हर हाल में इस चुनाव से पहले लागू किया जाएगा। शाह ने कहा, जब देश का विभाजन हुआ तब पाकिस्तान और अब के बांग्लादेश से लाखों-करोड़ों लोग भारत आ रहे थे। उस समय कांग्रेस के लोगों ने ही वादा किया था कि देश आपका स्वागत करेगा, लेकिन कांग्रेस के लोग वोट बैंक के चक्कर में सबकुछ भूल गए।
केंद्रीय गृह मंत्री ने इस दौरान समान नागरिक संहिता का भी जिक्र किया। उन्होंने यूसीसी को किसी धर्म के साथ जोड़ने को गलत बताया। साथ ही कहा कि यह सिर्फ भाजपा नहीं, बल्कि पूरे देश का मुद्दा है। अगर आप पंथनिरपेक्ष देश चाहते हैं तो धर्म के आधार पर कानून नहीं होना चाहिए। इसलिए हर किसी के लिए एक ही कानून होना जरूरी है।
बंगाल सरकार भ्रष्ट, तुष्टीकरण में शामिल
शाह ने बंगाल की ममता सरकार को भ्रष्टाचार में लिप्त बताया और कहा कि वो तुष्टीकरण में लगी है। संदेशखाली की घटना पर उन्होंने कहा कि इसने ममता सरकार का असली चेहरा उजागर कर दिया है। ममता सरकार में जिस तरह धर्म के आधार पर महिलाओं का शोषण हुआ है हम उसके खिलाफ लड़ेंगे और जनता सरकार को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने बंगाल में सरकार की शह पर अवैध घुसपैठ कराए जाने का आरोप भी लगाया।