अररिया । बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार छह लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि अनियंत्रित स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे मरिया नदी में जा गिरी। दुर्घटना में एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। सभी मृतक सुपौल जिले के रहने वाले थे और सिकटी के भपटीया में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
हादसे के बाद से सुपौल के थुमहा गांव में मातम पसरा है।
तीखे मोड़ पर बेकाबू हुई स्कॉर्पियो, नदी में गिरी
जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के पीपरा क्षेत्र के थुमहा गांव के रहने वाले कुछ लोग सिकटी के भपटीया में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। बताया जा रहा है कि सभी लड़की पक्ष के थे। बुधवार देर रात समारोह से वापस लौटते समय ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे मरिया नदी में जा गिरी।
ग्रामीणों ने रस्सी से बांधा वाहन, जेसीबी से निकाली स्कॉर्पियो
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से नदी में डूबी स्कॉर्पियो को बांधा। बाद में जेसीबी की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया। इस हादसे में छह लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।
मृतकों में चार नाबालिग, सभी थुमहा गांव के निवासी
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान सुपौल जिले के थुमहा गांव निवासी 28 वर्षीय कुंदन यादव, 22 वर्षीय मुन्ना कुमार, 20 वर्षीय आदित्य, 16 वर्षीय यश कुमार, 15 वर्षीय आर्यन और 15 वर्षीय सौरभ के रूप में हुई है। मृतकों में चार नाबालिग भी शामिल हैं। हादसे में एक युवक को जिंदा बचा लिया गया है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
एक साथ छह लोगों की मौत की खबर से थुमहा गांव में शोक की लहर है। जिस परिवार और गांव में तिलक समारोह की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।


