जम्मू । प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। रामबन के पास भूस्खलन से जम्मू- श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद गया। भूस्खलन से एक 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। किश्तवाड़ के कचोन गांव में भूस्खलन से प्राइमरी स्कूल सहित छह मकान क्षतिग्रस्त हो गए। डोडा, किश्तवाड़ और कुपवाड़ा जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
वहीं, उधमपुर जिले के डुडु-बसंतगढ़, कुलवंता और पंचारी क्षेत्रों में आज स्कूल बंद रहेंगे।
कश्मीर के सोनमर्ग जिले में हिमस्खलन की सूचना है। कश्मीर के गुरेज, माच्छिल, राजदान टॉप सहित कई पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई है। जम्मू, श्रीनगर, उधमपुर, सांबा, राजोरी सहित कई इलाकों में दिनभर बारिश होती रही। पहाड़ाें पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर में पुंछ के मंडी इलाके के बेदार गांव में भूस्खलन के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। पर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है, जबकि झेलम नदी अपने सामान्य निशान से ऊपर बह रही है। रविवार रात और सोमवार सुबह कश्मीर घाटी में कई जगहों पर अचानक बाढ़ आ गई है। हंदवाड़ा और कुपवाड़ा जिलों सहित उत्तरी कश्मीर में कई आवासीय घर और सड़कें जलमग्न हो गए हैं। कुपवाड़ा जिले में प्रशासन ने भी क्षेत्र में स्कूलों को बंद करने की घोषणा की।
इस बीच उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा इलाके में गुरेज घाटी में बर्फबारी हुई। इसके बाद अधिकारियों ने बांदीपोरा जिले में सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने की घोषणा की।
मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में अगले 24 घंटों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। किसानों को 30 अप्रैल तक सभी कार्यों को स्थगित करने की सलाह दी है। कई ऊंचे इलाकों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की संभावना है।