बीरभूम। सावन के सोमवार के दिन बिहार के लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति के बाद बंगाल से भी हादसे की दर्दनाक खबर सामने आई है। बीरभूम के तारापीठ में एक होटल में लगी भीषण आग लग गई।
जिसके कारण पांच लोगों की मौत की खबर है। कई लोगों के झुलसने की भी खबर है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
बांग्ला मीडिया की शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, होटल में आग सोमवार सुबह करीब चार बजे लगी। सावन महीने के कारण तीर्थयात्री और श्रद्धालु बड़ी संख्या में तारापीठ आए हैं। आग लगने के समय मेहमान सो रहे थे, अचानक धुएं के गुबार और आग की लपटें फैलने पर अफरातफरी मच गई।
होटल में आग कैसे लगी?
आग लगने के कारणों पर फिलहाल प्रशासन की तरफ से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बांग्ला मीडिया की शुरुआती रिपोर्ट्स में अनुमान लगाया गया है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव कार्य एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं। झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
अग्निकांड पर बंगाल की स्थानीय मीडिया में क्या?
बीरभूम के तारापीठ में प्राइवेट होटल में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग।
आग सबसे पहले होटल के रिसेप्शन एरिया में लगी।
श्रद्धालुओं से खचाखच भरे होटल के अलग-अलग हिस्सों में फैली आग की लपटें।
दमकल विभाग के मुताबिक आग के समय तीर्थयात्री सो रहे थे, बंद कमरों में धुआं भरने से घुटने लगा दम।
रामपुरहाट से दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
आग से झुलसे/प्रभावित लोगों को रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है।
मृतकों की पहचान करने की कोशिश में जुटा पुलिस-प्रशासन।


