करनैलगंज (गोंडा) । भूमि विवाद में हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुभाष मिश्रा (67) की रविवार दोपहर लोहे की रॉड व लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामले में अधिवक्ता के छोटे भाई, पूर्व ग्राम प्रधान व दो अन्य के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार गोंडा के दत्तनगर, मजरे सुदई पुरवा निवासी सुभाष मिश्रा वर्तमान में लखनऊ में रहते थे। उनका छोटे भाई अरुण कुमार और पूर्व ग्राम प्रधान हरिशरण से नौ बीघा भूमि को लेकर तीन साल से विवाद चल रहा था। इस बीच फैसला पक्ष में आने पर रविवार सुबह सुभाष ट्रैक्टर लेकर विवादित भूमि की जोताई करने लगे। इस पर दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंच गए और लोहे की रॉड व लाठी डंडे से उनपर हमला कर दिया।
हमले में अधिवक्ता, उनके भतीजे आकाश (19), विश्वास (35) व अभय कुमार (54) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सीएचसी ले जाया गया, जहां से सुभाष, आकाश और विश्वास को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान सुभाष मिश्रा ने दम तोड़ दिया।
सुभाष के भतीजे विश्वास की तहरीर पर अधिवक्ता के छोटे भाई अरुण कुमार मिश्रा, पूर्व ग्राम प्रधान हरिशरण मिश्रा, रामकेवल व संतोष कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मारपीट में दूसरे पक्ष के चंदन व रामकेवल भी घायल हुए हैं। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि एहतियातन गांव में पुलिस तैनात की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के अनुसार आरोपी हरिशरण व रामकेवल को हिरासत में लिया गया है।


