हरियाणा के पंचकुला स्थित एक निजी स्कूल परिसर के भीतर तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने किंडरगार्टन (केजी) की एक मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर गंभीर मारपीट की। घटना के सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन और स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित बच्ची के चाचा फ़ाज़िल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी बच्चा हिंसक और आक्रामक मोबाइल गेम, विशेष रूप से पबजी खेलने का आदी है। उन्होंने कहा, "बच्चे के पिता ने भी इस बात की पुष्टि की है कि वह पबजी और ऐसे ही अन्य हिंसक गेम खेलता था, जिसके प्रभाव में आकर उसने इस तरह की हरकत को अंजाम दिया।
घटना के वक्त की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आरोपी छात्र ने पहले बच्ची को 'पागल' कहा। जब बच्ची ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वह उसकी शिकायत करेगी, तो आरोपी छात्र डर गया। इसके बाद उसने बच्ची को यह कहकर बहलाया कि "तुम्हारे पिता ऊपर हैं, चलो ऊपर चलते हैं" और फिर उसके साथ मारपीट की।
फिलहाल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार, पिछले दो-तीन दिनों में सही इलाज मिलने से बच्ची की हालत में सुधार हो रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के संबंध में स्कूल प्रशासन और आरोपी बच्चे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है कि स्कूल परिसर के अंदर सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।


