नई दिल्ली । बाहरी दिल्ली में ऑनलाइन डिलीवरी एप के जरिये अवैध शराब आपूर्ति नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा है। इनके वाहन की जांच में हरियाणा में बिक्री के लिए अनुबंधित 16 कार्टन शराब बरामद हुई है।
वाहन चालक बहादुरगढ़ निवासी पुष्पेंदर (22) से पूछताछ के आधार पर प्रेम नगर निवासी समीर पालीवाल (19) केे गिरफ्तार किया। शराब ढोने में इस्तेमाल तीन पहिया वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह के अनुसार यह गिरोह एप -आधारित लॉजिस्टिक्स सेवाओं का दुरुपयोग कर राज्य की सीमाओं के पार शराब की खेप को गुप्त रूप से पहुंचाता था और राष्ट्रीय राजधानी में स्थानीय अवैध विक्रेताओं तक सप्लाई करता था। एक खुफिया इनपुट पर पश्चिम विहार पूर्व थाना पुलिस ने पीरागढ़ी चौक के पास घेराबंदी की। एक संदिग्ध तीन पहिया टेंपो को रोका गया तो चालक ने भागने की कोशिश की लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में पुष्पेंदर ने बताया कि यह खेप ऑनलाइन डिलीवरी एप के जरिये प्रेम नगर निवासी समीर पालीवाल (19) ने बुक कराई थी। इसी आधार पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि पालीवाल पिछले दो महीनों से इस अवैध नेटवर्क का संचालन कर रहा था।


