नई दिल्ली । नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में आज एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें निर्माण कार्य के दौरान ढीली मिट्टी और एक अस्थायी ढांचे के गिरने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना दोपहर करीब 12:15 बजे भोरगढ़ फेज दो काली माता मंदिर के पास हुई। थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया को आज दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्तियों को अचेत अवस्था में एसआरएचसी अस्पताल, नरेला लाया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत अस्पताल पहुंची। वहां डॉक्टरों ने अजय (25 वर्ष, पता अज्ञात) और राम मिलन (45 वर्ष, निवासी बी ब्लॉक, सेक्टर 4, बवाना) को मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी रामपाल अहिरवार के अनुसार, घटना उस समय हुई जब दोनों मजदूर फैक्ट्री में निर्माण कार्य कर रहे थे। नाले के पास ढीली मिट्टी और एक अस्थायी दीवार अचानक गिर गई, जिससे दोनों मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस फिलहाल ठेकेदार और फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका व जिम्मेदारी की गहन जांच कर रही है। आगे की जांच जारी है।


