नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। फरीदाबाद में बारिश हुई। तो वहीं गुरुग्राम और नोएडा में बादल छाए हुए हैं। दिल्ली और फरीदाबाद में भी हुई बारिश से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने 15 और 16 अक्तूबर को बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इन क्षेत्रों में हल्की गरज के साथ बिजली चमकने की भी आशंका है। हवाएं 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से चल सकती हैं।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, करनाल, फतेहाबाद, राजौंद, असंध, सफीदों, बरवाला, जींद, पानीपत, आदमपुर और हिसार में मौसम खराब हो सकता है। इसी प्रकार, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, गंगोह, शामली और गाजियाबाद में भी हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों को मौसम के बदलते रुख के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।


