नई दिल्ली । बाहरी दिल्ली के नरेला क्षेत्र की मुख्य सड़कें अब लोगों के लिए नहीं, बल्कि आवारा और डेयरी के मवेशियों के लिए बन गई हैं। दिन-रात सड़कों के बीचों-बीच गाय, भैंस और बैल बैठे रहते हैं। नतीजा - रोजाना जाम, टक्कर और हादसे। निगम की लापरवाही और डेयरी संचालकों की मनमानी से आम जनता अपनी जान हथेली पर रखकर सफर करने को मजबूर है।
सड़क बनी गौशाला, ट्रैफिक बना नरक
मंगला चौक, अनाज मंडी रोड, बवाना रोड, पाना पापोसिया, सेक्टर एक- 6 चौक, राजा हरिश्चंद्र हॉस्पिटल रोड, गैस गोदाम रोड, के आसपास का नजारा सबसे खतरनाक है। सुबह-शाम के समय दर्जनों मवेशी सड़क के बीच में बैठकर जुगाली करते मिलेंगे। वाहन चालक उन्हें बचाने के चक्कर में ब्रेक लगाते हैं तो पीछे से दूसरा वाहन टक्कर मार देता है। स्थानीय लोग बताते हैं, पिछले महीने एक स्कूटी सवार मवेशी से टकराकर गंभीर घायल हुआ। एक बुजुर्ग को बैल ने सींग मार दिया। लेकिन निगम को कोई फर्क नहीं पड़ता। डेयरी वाले सुबह दूध निकालकर मवेशियों को सड़क पर छोड़ देते हैं।
निगम की सुस्ती, डेयरी की मनमानी
नियम के अनुसार शहर की सीमा में आवारा मवेशियों को सड़क पर नहीं छोड़ा जा सकता। पकड़कर गौशाला भेजना निगम की जिम्मेदारी है। लेकिन निगम की टीम महीने में 1 बार खानापूर्ति के लिए आती है, 4-5 मवेशी पकड़ती है और फोटो खींचकर वापस चली जाती है।
दूसरी तरफ डेयरी संचालकों की मिलीभगत है। चारे और जगह का खर्च बचाने के लिए वो अपने मवेशियों को दिनभर सड़क पर छोड़ देते हैं। शाम को जब दूध निकालना होता है तो खुद बुला लेते हैं। एक दुकानदार ने कहा, शिकायत करो तो डेयरी वाले धमकाते हैं। कहते हैं हमारा धंधा है, तुमको क्या। और निगम वाले कहते हैं 'स्टाफ कम है'। फंसती है सिर्फ जनता।
जाम, हादसे और जान का खतरा
फेडेरेशन ऑफ नरेला के अध्यक्ष जोगिंदर दहिया ने बताया कि मवेशियों की वजह से 1 किलोमीटर का रास्ता 30 मिनट में तय होता है। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड भी फंस जाती हैं और अंधेरे में काले रंग के मवेशी दिखते ही नहीं। उन्होंने कहा कि सड़क पर ही गोबर और पेशाब। बरसात में यही गंदगी नाली में जाकर बीमारी फैलाती है। उन्होंने कहा कि निगम को आवारा पशु पकड़ने पर जुर्माना और मवेशी जब्त करने का प्रावधान भी है और डेयरी को लाइसेंस तभी मिलता है जब उसके पास पशुओं के लिए जगह हो। लेकिन कागजों में सब है, धरातल पर कुछ नहीं।
तो वहीं कई लोगों ने निगम से मांग करते हुए कहा कि निगम द्वारा सभी आवारा और डेयरी के मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजा जाए।


