नई दिल्ली। देशभर में मौसम के मिजाज में एक बार फिर बदलाव देखा गया है। पिछले दो दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को मौसम ने अचानक पलटी मारी और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अलग-अलग जगहों में तेज हवाएं चल रही हैं।
शनिवार सुबह तक दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल में तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को तेज और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे गर्मी से राहत मिली है। आज मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी, लेकिन हवाओं के चलते तेज गर्मी का अहसास नहीं होगा। दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बढ़ी ठंड
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में ये बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब किसी राज्य से पश्चिमी विक्षोभ गुजरता है तो उससे एक दो दिनों तक तापमान में कमी आ सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी दो दिन पहले पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिससे ठंड बढ़ी है। राज्य में अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। हालांकि बारिश के आसार नहीं हैं।
राजस्थान-मध्य प्रदेश में पारा गिरा
तेज हवाओं के चलते राजस्थान में पारा 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मध्य प्रदेश में अगले एक दो दिनों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। इसके चलते राज्य के भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम आदि जिलों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश में मौसम ने लिया यू-टर्न
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने पलटी मारी है। शनिवार की सुबह से राज्य में ठंडी हवाएं चल रही हैं। शुक्रवार की रात को भी कई जिलों में धूल भरी हवाएं चलीं थी। इससे पहले राज्य में बीते कुछ दिनों से तेज गर्मी पड़ रही थी और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था। वाराणसी, सुल्तानपुर, अमेठी जैसे जिलों में भी लोग तपिश और गर्मी से बेहाल रहे। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि रविवार को भी पछुआ हवा की रफ्तार बनी रहेगी, जिससे गर्मी से राहत रहेगी। हालांकि सोमवार से फिर से पारा चढ़ेगा।