शुक्रवार को कांग्रेस ने अपनी छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। आधिकारिक बयान के अनुसार विनोद जाखड़ को तत्काल प्रभाव से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का निर्णय
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से जारी बयान में बताया गया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विनोद जाखड़ को एनएसयूआई की कमान सौंपने का निर्णय लिया है। कांग्रेस ने निवर्तमान एनएसयूआई अध्यक्ष वरुण चौधरी के योगदान को भी सराहा और उनके कार्यकाल तथा नेतृत्व की प्रशंसा की।
विनोद जाखड़ को छात्र राजनीति का अनुभव
विनोद जाखड़ राजस्थान से आते हैं। वे पहले राजस्थान यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (RUSU) के अध्यक्ष रह चुके हैं। छात्र राजनीति में उनका अनुभव और संगठनात्मक भूमिका पहले से ही महत्वपूर्ण रही है।
जाखड़ ऐसे समय में एनएसयूआई की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं जब विश्वविद्यालयों में छात्र राजनीति फिर से तेज होने वाली है। आने वाले समय में कई विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव प्रस्तावित हैं, जिनमें डुसू (DUSU) के चुनाव भी शामिल हैं।


