नोएडा । नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और चार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाशों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दो अन्य बदमाशों को भी पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
नोएडा पुलिस के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब पुलिस सेक्टर 22 चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को दो बाइकों पर चार लोगों को देखा और उन्हें रुकने का इशारा किया। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।
घायल बदमाशों की पहचान विकास और राजेश के रूप में हुई है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिल और कुछ अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। फरार हुए दो अन्य बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
किराए की टैक्सी में लोगों से करते थे लूटपाट
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बदमाश विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बदमाश किराए की टैक्सी लेकर उनमें लोगों को बैठाकर लूटते थे और उन्हें सुनसान जगहों पर छोड़कर भाग जाते थे।


