नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कम बारिश की वजह से मौसम बिगड़ने लगा है। वहीं पारा भी चढ़ने लगा है। दिल्ली में इस साल मार्च का सबसे गर्म दिन रहा। जहां तापमान 31.1 पहुंच गया।
दिल्ली में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर पश्चिमी भारत में आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज और कल दिल्ली में 20-30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 6 मार्च के बाद से तापमान बढ़ना शुरू होगा।
3 मार्च साल का सबसे गर्म दिन रहा
सोमवार दिल्ली में इस साल मार्च का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक 31.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री कम 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली में मार्च का औसत अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री रहता है। सप्ताह के अंत में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू हो जाएगी। रविवार तक अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
20-30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
दिल्ली में इस साल 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस साल जनवरी और फरवरी महीने में बारिश काफी कम हुई है। जनवरी में 19.2 और फरवरी में 21.5 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 6.5 और 1.4 मिमी हुई है। मार्च के शुरुआत के दो दिनों में 2.0 मिमी दर्ज की गई है। मार्च में पूरे महीने में 19.1 मिमी बारिश दर्ज की जाती है। उत्तर पश्चिमी भारत में आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से चार व पांच मार्च को दिल्ली में 20-30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।
6 मार्च से बढ़ेगा तापमान
इस कारण से दो दिन तापमान 25-28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10-13 डिग्री के बीच रहेगा। 6 मार्च से तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरु होगी। सप्ताह का अंत आते-आते अधिकतम तापमान 30-33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री पहुंच जाएगा। इससे दिन और रातें दोनों गर्म हो जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली और उसके आसपास नहीं दिखेगा। इस कारण यह सप्ताह शुष्क रहेगा। मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी।
आज का तापमान
अधिकतम तापमान: 31.1 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 9.6 डिग्री सेल्सियस
4 मार्च को सूर्यास्त: शाम 6:23 मिनट
5 मार्च को सूर्योदय: 6:42 मिनट