नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव में शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त मिलने पर भाजपा सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि भाजपा को 50% से अधिक वोट मिलेंगे और पार्टी सरकार बनाएगी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मतगणना के दौरान कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा आगे चल रही है, जबकि AAP पीछे चल रही है।
चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा छू लिया।
मुस्तफाबाद सीट से भाजपा उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट 5700 वोटों से आगे हैं। इस सीट पर 24 राउंड वोटों की गिनती होगी। अभी एक राउंड की गिनती हुई है।
दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा ने बहुमत हासिल कर लिया है। भाजपा 50 सीटों पर आगे है। आप ने 19 सीटों पर बढ़त बना रखी है। एक सीट पर कांग्रेस आगे है।
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का कुशासन और उनका और उनकी पार्टी का भ्रष्टाचार जनता के सामने आया, जिसके कारण जनता ने सरकार बदलने का फैसला किया। भाजपा की विश्वसनीयता, अन्य राज्यों में विकास कार्य, केंद्र सरकार के पिछले 10 सालों के काम के कारण दिल्ली भाजपा को मौका दे रही है...भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।"