नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर सोमवार को सुबह कोहरा छाया रहा। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे ही कोहरा हटता गया। वहीं, लोगों ने दिन में धूप का आनंद लिया। सुबह-शाम ठंड का अहसास हो रहा है। राजधानी में मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अधिकांश स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा व कुछ स्थानों पर सुबह घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। रात में हल्की से बहुत हल्की बारिश व बूंदाबांदी की संभावना है। रात में धुंध छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 21 और 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
सोमवार को सुबह कोहरा छाया रहा। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे ही कोहरा हटता गया। वहीं, लोगों ने दिन में धूप का आनंद लिया। सुबह-शाम ठंड का अहसास हो रहा है। जबकि दिन के समय हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। लोग दिन भर बारिश का इंतजार करते हुए लेकिन रात तक कहीं भी हल्की बारिश व बूंदा-बांदी दर्ज नहीं की गई। ऐसे में लोग मायूस हो गए। सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े छह बजे तक सफदरजंग एयरपोर्ट में दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। साथ ही, पालम एयरपोर्ट में सुबह साढ़े चार बजे से पांच बजे के करीब दृश्यता 50 मीटर रही। ऐसे में वाहन चालकों को अधिक समस्या का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के करीब रिकॉर्ड हुआ। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा, जोकि 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मौसम विभाग के मुताबिक रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पालम में 8.6, आया नगर में 9.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 10.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। साथ ही, हवा में नमी का स्तर 33 फीसदी के साथ 100 फीसदी तक रहा।