नई दिल्ली । भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानंद ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी फाबियानो कारुआना को क्लासिकल शतरंज के पांचवें दौर में हराया। इस जीत के साथ प्रज्ञानंद ने क्लासिक शतरंज में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन और दूसरे नंबर के खिलाड़ी कारुआना को पहली बार हराया है।
प्रज्ञानंद अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) की विश्व रैंकिंग में शीर्ष-10 में शामिल हो जाएंगे। 18 वर्ष के भारतीय ग्रैंडमास्टर ने इससे पहले तीसरे दौर में कार्लसन को हराया था। फिड शतरंज विश्व कप के गत उपविजेता प्रज्ञानंद ने शानदार चाल चलते हुए कार्लसन को मात दी थी। इससे पहले भी अपने करियर में कुछ मौकों पर प्रज्ञानंद ने कार्लसन को रेपिड और ब्लिट्ज गेम को मात दी थी।