नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में 14 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाला आरोपी पिछले करीब तीन सालों से वारदात को अंजाम दे रहा था। पीड़िता ने परिजनों को सारी बात बताई तो पुलिस को खबर दी गई।
छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान धनंजय (39) के रूप में हुई है। वह पीड़िता के पड़ोस में सब्जी की दुकान चलाता है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। आरोपी ने वर्ष 2021 में पहली बार वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वह लगातार डरा-धमकाकर वारदात को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता परिवार के साथ आनंद पर्वत इलाके में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। इसके पड़ोस में धनंजय सब्जी की दुकान चलाता है। मंगलवार को पीड़िता ने परिवार को बताया कि आरोपी धनंजय पिछले करीब तीन सालों से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम माता-पिता व किशोरी को थाने ले आई। बाद में किशोरी की काउंसलिंग कराई गई। उसका बयान लेकर पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी ने बताया है कि वह परिवार को मारने की धमकी देकर वारदात को अंजाम दे रहा था।