दिल्ली राजधानी दिल्ली में भाजपा का 27 साल का वनवास समाप्त हो चुका है। प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा ने राजधानी में वापसी की है। बीते 10 साल से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी का किला ढह गया। भाजपा को इस चुनाव में 70 सीटों में से 48 सीटों पर जीत मिली हैं,
जबकि बहुमत के लिए 36 सीटों की जरूरत थी। अब दिल्ली की नजर मुख्यमंत्री के चेहरे पर है। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट्स
आतिशी के जीत के जश्न पर स्वाति मालीवाल ने बोला हमला
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कालकाजी सीट से जीत के बाद जश्न में डांस करने के लिए आतिशी की आलोचना की है। आतिशी ने अपने एक्स अकाउंट पर आतिशी का डांस करते हुए एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'ये कैसा बेशर्मी का प्रदर्शन है? पार्टी हार गई, सब बड़े नेता हार गये और आतिशी ऐसे जश्न मना रही हैं?'
भाजपा की जीत पर नायब सिंह सैनी ने कही ये बात
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमें 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है। पिछले 10 सालों में दिल्ली में एक ऐसी सरकार थी जिसने न केवल झूठ बोला बल्कि दिल्ली के लोगों को केंद्रीय योजनाओं से भी वंचित रखा... पिछले 10 सालों में दिल्ली की सफाई, यमुना की सफाई जैसे वादे किए गए। पिछले 10 सालों में दिल्ली में एक ऐसी सरकार थी जिसने खुद कुछ नहीं किया और दूसरों को दोष दिया, यहां एक ऐसे मुख्यमंत्री थे जिन्होंने वायु प्रदूषण के लिए हरियाणा और पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराया... उन्होंने हरियाणा पर यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाया... हम दिल्ली के लोगों का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने हमें दिल्ली में 48 सीटें देकर ऐतिहासिक जीत दिलाई... मुझे खुशी है कि अब दिल्ली में सभी केंद्रीय योजनाएं लागू होंगी।"
'पिछला 1 साल मेरी जिंदगी का सबसे मुश्किल साल रहा': स्वाति मालीवाल
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा, 'पिछला 1 साल मेरी जिंदगी का सबसे मुश्किल साल रहा है। इस पूरे साल में सिर्फ भगवान ने ही हमारी मदद की। हमने ये लड़ाई अकेले लड़ी। मेरा मानना है कि बुराई कितनी भी बड़ी क्यों न हो, उसे सच्चाई के सामने झुकना ही पड़ता है। आज भगवान के आशीर्वाद से हम जिंदा हैं और सच्चाई के लिए लड़ पा रहे हैं.। सामने वालों के पास बहुत ताकत है, बहुत पैसा है, सत्ता है, लेकिन मैंने अकेले ही लड़ाई लड़ी है। मेरे साथ भगवान हैं और आगे भी साथ रहेंगे। बुराई में इतनी शक्ति नहीं है कि सच्चाई को झुका दे।'
सभी नवनिर्वाचित 48 विधायकों से मिलेंगे दिल्ली भाजपा अध्यक्ष
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सभी 48 विधायकों से मिलेंगे। माना जा रहा है इस मुलाकात के साथ ही विधायक दल का नेता चुने जाने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
यमुना को साफ करना हमारी प्राथमिकता होगी: प्रवेश वर्मा
नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा के विजयी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा, 'उनका (डॉ. साहिब सिंह वर्मा) जीवन मेरे लिए प्रेरणा है। हम सब मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के विजन को साथ लेकर चलेंगे और दिल्ली को एक बेहतर राजधानी बनाएंगे, जहां विकास होगा। दिल्ली की जनता को प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा है, जीत का श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है, लोगों को उनके 10 साल के काम पर भरोसा है। यह सिर्फ उनकी और लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत से हुआ है। यमुना जी को साफ करना हमारी सरकार की प्राथमिकता होगी।'
अपने पैतृक गांव मुंडका पहुंचे प्रवेश वर्मा और पिता की समाधि पर अर्पित की पुष्पांजलि
नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा के विजयी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा का उनके पैतृक गांव मुंडका पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। साथ ही अपने पिता व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
हरियाणा के सीएम ने जलेबी बनाकर और खिलाकर जीत की खुशी मनाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का जश्न मनाने के लिए पार्टी के नेताओं के साथ जलेबी बनाई और साझा की। भाजपा 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में लौटी और दो-तिहाई बहुमत के साथ 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटें जीतीं हैं।
11 बजे एलजी को इस्तीफा सौंपेंगी आतिशी
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे दिल्ली की सीएम आतिशी राजनिवास जाकर उप राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगी। कल दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम में में 70 में से 48 सीटें जीतकर भाजपा ने जीत हासिल की है।
भाजपा सांसद बोले- कांग्रेस अपना अस्तित्व खो चुकी है
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, 'कल प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में बनने वाली भाजपा सरकार का एजेंडा तय कर दिया है। प्रधानमंत्री जो कहते हैं, वह करते हैं और कल भी उन्होंने कहा कि हर घोषणा पर अमल होगा... मां यमुना को स्वच्छ करना भाजपा सरकार की मुख्य जिम्मेदारी होगी। कांग्रेस राष्ट्रीय राजनीति में अपना अस्तित्व खो चुकी है और जिन भी राज्यों में वह अपने पैर जमाने की कोशिश करती है, वह स्थानीय पार्टियों के कंधों पर करती है। कांग्रेस के पास न तो नीति है और न ही दिशा और उसकी दशा भी बहुत खराब है।'
सीएम आतिशी 11 बजे उप राज्यपाल को सौंपेंगी इस्तीफा; प्रवेश वर्मा ने मंदिर में टेका माथा
अपना फैसला सुनाने के बाद अब दिल्ली की नजर मुख्यमंत्री के चेहरे पर है। बड़ा सवाल सबके सामने यही है कि दिल्ली का ताज किसके सिर पर सजेगा। भाजपा महिला के हाथ में दिल्ली की कमान सौंपेंगी या फिर किसी अनुसूचित जाति, सिख, पूर्वांचली, जाट-गुर्जर समाज से आने वाले नेता को। राजनीतिक पंडित इस मामले में कई तरह से कयास लगा रहे हैं।