दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर 10 फरवरी इस साल का सबसे गर्म दिन रहने के बाद 11 फरवरी को भी दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली-एनसीआर में सूरज ने फरवरी में ही अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। 10 फरवरी इस साल का सबसे गर्म दिन रहने के बाद 11 फरवरी को भी दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इससे पहले सोमवार 10 फरवरी को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आमतौर पर फरवरी के दूसरे सप्ताह में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। लेकिन इस साल फरवरी में अब तक बारिश नहीं होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
फरवरी में अब तक का सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस 26 फरवरी 2006 को दर्ज हुआ था। जबकि बीते साल फरवरी में सबसे अधिक तापमान 19 फरवरी को 29.7 डिग्री दर्ज हुआ था। वर्ष 2023 में 21 फरवरी को तापमान 33.6 डिग्री दर्ज किया गया था।
विभाग के अनुसार अभी एक सप्ताह मौसम के ऐसे ही रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर और लद्दाख के पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इसके बाद 13 फरवरी के बाद मौसम साफ होगा। 15 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा।