नई दिल्ली। दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में मंगलवार को एक महिला ने सहमति संबंध में रहने वाले युवक की पेचकस और हथौड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। आठ घंटे तक शव को ठिकाने लगाने में सफल नहीं होने पर आरोपी महिला ने थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
शुरुआती पूछताछ में पता चला कि मृतक शराब पीने का आदी था और उसे परेशान करता था। साथ ही उसके बच्चों की हत्या करने की धमकी देता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस महिला को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन कर रही है। मृतक की शिनाख्त साहिल के रूप में हुई है। वह शादीशुदा था और प्लंबर का काम करता था। सात साल पहले वह महिला से मिला था और 2018 से महिला अपने पति को छोड़कर उसके साथ रहने लगी।
कुछ साल बाद पति की मौत होने के बाद महिला ने अपने चारों बच्चों को ससुराल में छोड़ दिया। एक साल पहले वह बच्चों को लेकर दिल्ली आ गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे एक महिला थाने पहुंची।
उसने बताया कि उसने सहमति संबंध में रहने वाले युवक की हत्या कर दी है। यह सुनकर पुलिस हैरान हो गई। सूचना मिलते ही निरीक्षक महेश कुमार महिला को लेकर उसके घर पहुंचे। कमरे में साहिल लहूलुहान हालत में मिला। उसके शरीर पर दर्जनों घाव थे।
पास ही पेचकस और हथौड़ी पड़ी हुई थी। पुलिस ने मौके पर छानबीन करने के बाद शव को कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
अक्सर करता था दुर्व्यवहार
पूछताछ में महिला ने बताया कि एक माह पहले वह गांव खगड़िया गई थी। रविवार को वापस आई। साहिल उससे अक्सर दुर्व्यवहार करता था और वह शराब पीने का आदी था। वह उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देता था।
उसने कई बार उसे चले जाने को कहा, लेकिन वह नहीं जा रहा था। मंगलवार को साहिल नशे की हालत में घर आया। वह घर आने के बाद उसे परेशान करने लगा। गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी।