नई दिल्ली । देशभर में कड़ाके की ठंड का सितम जारी है। दिल्ली में सोमवार को ठंड ने अपने प्रचंड तेवर दिखाए। यहां कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। ऐसे ही रात भर हुई बर्फबारी के बाद कश्मीर में रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई। हालांकि, घाटी में पारा हिमांक बिंदु से नीचे रहा।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों और ऊंची पहाड़ियों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हुई, जिससे पारा चार से सात डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इसी तरह पंजाब और हरियाणा में सोमवार को भी ठिठुरन रही। दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर सुबह के समय कोहरा छाया रहा।
दिल्ली का हाल
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी में तीन दिनों के बाद कोहरा छंटा, जिससे सुबह दृश्यता में सुधार हुआ। आईएमडी के अनुसार, बीते दिन सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े आठ बजे के बीच नजफगढ़ में 2.5 मिलीमीटर, पीतमपुरा में दो मिमी, पालम में एक मिमी और पूसा में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। सुबह साढ़े पांच बजे सफदरजंग और पालम में दृश्यता 300 मीटर थी।