दिल्ली । दक्षिण पश्चिम मानसून अभी तक बिना किसी बड़ी बाधा के आगे बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार में मानसून पहुंच गया है और इन राज्यों में उसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
महाराष्ट्र के शेष भाग और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी अगले तीन से चार दिन के भीतर मानसून के पहुंच जाने की उम्मीद है। उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार से मानसून से पहले भारी बारिश होने के भी आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मानसून अपनी उत्तरी सीमा की तरफ सामान्य गति से बढ़ रहा है। अगले 5-6 दिन में मानसून पूरे उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा। मानसून के अपने निर्धारित समय 27-28 जून तक दिल्ली, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में पहुंचने की उम्मीद है। सिक्किम, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उपहिमालयी प. बंगाल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो रही है।
हिमाचल : 26 से बारिश का अनुमान
हिमाचल में 28 जून को मानसून पहुंचने का पूर्वानुमान है। 26 जून से प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू होगा। रविवार को कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने के आसार हैं। 24 और 25 जून को धूप खिली रहने की संभावना है।
लाहौल-स्पीति में बारिश, रोहतांग में फाहे
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के निचले इलाके में शनिवार को भी बारिश हुई है। रोहतांग के साथ ऊंची चोटियों में फाहे गिरने से ठंड पड़ गई है। कुल्लू में तीसरे दिन भी बारिश नहीं हुई है। आसमान में बादल के बावजूद बारिश नहीं होने से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर रहा है।
उत्तर भारत में अभी लू का अलर्ट
आसमान में बादल छाए रहने से दिल्ली-एनसीआर को शनिवार को भी तपती गर्मी से राहत मिली, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के मैदानी राज्यों को अभी दो दिनों तक प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
आईएमडी के मुताबिक, 25 जून तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली में 24 और 25 जून को लू चल सकती है। उसके बाद जानलेवा गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।