महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी की तैयारी जोरों पर
- Rohit Mehra
- देश

मुंबई । महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी से पहले पुणे में अयोध्या के राम मंदिर पर आधारित एक गणेश पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। पंडाल की स्थापना श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपती ट्रस्ट द्वारा की जा रही है। इससे पहले बीते दिन मुंबई में गणेशोत्सव की शुरुआत से पहले 'लालबागच्या राजा' गणपति के प्रथम दर्शन शुक्रवार को श्रद्धालुओं को मिले।
इस वर्ष की प्रतिमा को श्रद्धालुओं के सामने लाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इसके लिए लाइव स्ट्रीमिंग की भी व्यवस्था की गई थी। लाल बाग के राजा का यह 90वां साल है।
इससे पहले चार जुलाई को ही लाल बाग के राजा के गणेशोत्सव मंडप का पूजन किया गया था। इस बार गणेश उत्सव की शुरुआत 19 सितंबर से हो रही है। यह उत्सव 10 दिनों तक चलेगा और 28 सितंबर को गणेश उत्सव का समापन हो जाएगा। मुंबई में लालबाग के राजा का मंडल सबसे लोकप्रिय गणेश मंडल माना जाता है। कई सेलिब्रिटी यहां आकर भगवान गणपति के दर्शन करते हैं।
पिछले साल आया था इतना चढ़ावा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लालबागचा राजा मंडल के अनुसार, बीते साल पांच करोड़ रुपये से ज्यादा का कैश चढ़ावे के रूप में मिला था। इसके अलावा पांच किलो से ज्यादा सोने के आभूषण, 60 किलो 341 ग्राम चांदी, एक बाइक भी चढ़ावे में मिली थी। मुंबई और महाराष्ट्र में लालबाग के राजा का काफी महत्व है और यहां गणपति बप्पा के दर्शनों के लिए लोग देश के कोने-कोने से आते हैं।
आत्महत्या से पहले नितिन देसाई ने डिजाइन किया था पंडाल
मशहूर डिजाइन निर्देशक नितिन देसाई ने ही लालबाग के राजा का पंडाल डिजाइन किया था। बता दें कि नितिन देसाई ने बीते दिनों अपने स्टूडियो में ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। नितिन देसाई ने अपनी मौत से कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर पंडाल के डिजाइन की कुछ तस्वीरें साझा भी की थीं।
गणपति विशेष ट्रेन 'नमो एक्सप्रेस' को हरी झंडी
इस बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन से कोंकण के लिए गणपति विशेष ट्रेन 'नमो एक्सप्रेस' को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में गणेश उत्सव सबसे बड़ा होता है। गणेश उत्सव के लिए कोंकण जाने वाले लोगों के लिए भाजपा ने 6 ट्रेनें और 338 बसों की व्यवस्था की है।