हिसार । हरियाणा के हिसार के विद्युत नगर निवासी एएलएम 46 वर्षीय संजीव की हत्या मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने आरोपी महिला सुनीता को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को सोमवार अदालत में पेश किया जाएगा। मृतक संजीव और सुनीता 6 साल से सहमति संबंध में रह रहे थे। 2 मार्च की देर शाम को उनका शव क्वार्टर में बेड पर पड़ा मिला था।

अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने महिला सुनीता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।


पुलिस के अनुसार विद्युत नगर में रहने वाला संजीव और सुनीता दोनों करीब 6 साल से सहमति संबंध में रह रहे थे। घटना वाले दिन संजीव शराब के नशे में घर आया था। उस समय सुनीता घर पर मौजूद थी। शराब के नशे में संजीव ने सुनीता से गाली-गलौज की। झगड़े के कुछ देर बाद सुनीता ने संजीव के जूते से फीता निकाला और उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में मौके से फरार हो गई थी।


गांव में रहते हैं मृतक की पत्नी और बच्चे
पुलिस को दी गई शिकायत में हांसी की ढाणी पीरान के मोहन लाल ने बताया था कि बेटे संजीव के दो बच्चे हैं।करीब छह साल से एक पड़ोसी गांव की एक महिला सुनीता संजीव के साथ रहती थी। पुत्रवधू दोनों बच्चों के साथ हमारे पास गांव में रहती है। आरोप था कि सुनीता जबरदस्ती साथ रहती थी और कहती थी कि अगर उसे छोड़ा तो केस में फंसवा देगी। पुत्रवधू ने उस महिला के खिलाफ कई बार पुलिस को शिकायत दी थी लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।